मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

13 दिसंबर 2010

उत्तराखंडःसंस्कृत विवि में बनेगा हाईटेक मीडिया स्कूल

पत्रकारिता व जनसंचार में बीते सत्र से डिप्लोमा कोर्स शुरू करने और इस सत्र से स्नातकोत्तर डिग्री पाठ्यक्रम शुरू करने के साथ ही हरिद्वार स्थित संस्कृत विवि ने हाईटेक मीडिया स्कूल स्थापित करने की योजना पर तेजी से कार्य शुरू कर दिया है। विवि प्रशासन का कहना है कि मीडिया कोर्सेज आधुनिक व भविष्य के जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही विवि के निर्माणाधीन परिसर में मीडिया स्कूल का अलग खंड बनाया जाएगा, जो सुविधाओं से लैस होगा। हरिद्वार-रुड़की मार्ग पर स्थित संस्कृत विवि राज्य में संस्कृत व योग के विकास में अहम भूमिका निभा रहा है। इसके साथ ही विवि ने बीते सत्र से पत्रकारिता व जनसंचार में कोर्स शुरू किए। पहले चरण में विवि ने पीजी डिप्लोमा कोर्स शुरू किया। इस सत्र से विवि ने एमए पत्रकारिता एवं जनसंचार भी शुरू कर दिया है। साथ ही संस्कृत विवि राज्य का पहला ऐसा विवि बन गया है जो लेटेरल एंट्री के तहत एमए द्वितीय वर्ष में डिप्लोमा धारकों को सीधा प्रवेश दे रहा है। पहले ही सत्र में पत्रकारिता एवं जनसंचार में छात्रों के रुझान को देखते हुए विवि ने निर्णय लिया है कि विवि के मुख्य परिसर में मीडिया स्कूल स्थापित किया जाएगा। बीते दिनों विवि की कुलपति प्रो. सुधा पांडेय ने बताया कि मौजूदा दौर में पत्रकारिता के प्रति बढ़तेयुवाओं के रुझान और आम आदमी के मीडिया पर बढ़ते भरोसे को देखते हुए विवि ने माखनलाल चतुर्वेदी विवि की तर्ज पर एक हाईटेक मीडिया स्कूल स्थापित करने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि विवि के स्थाई परिसर में मीडिया स्कूल के लिए अलग खंड होगा और यह आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इलैक्ट्रोनिक मीडिया के छात्रों के लिए रेडियो व टीवी अध्ययन के लिए अत्याधुनिक स्टूडियो स्थापित करने की भी योजना है(दैनिक जागरण,देहरादून,13.12.2010)।

1 टिप्पणी:

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।