सूबे में मंगलवार से शुरू हुई पालिटेक्निक के विभिन्न सेमेस्टरों की परीक्षा का प्रश्न पत्र पूर्णिया में पहले ही लीक हो गया था। लीक प्रश्न पत्र की प्रति मंगलवार को सबेरे से ही बाजारों में बिकने लगी थी। वहीं प्रश्नपत्र लीक होने की खबर से अंजान राजकीय पालिटेक्निक पूर्णिया में प्रथम पाली में होने वाली डिप्लोमा कोर्स के सभी सेमेस्टरों के गणित प्रथम पेपर की परीक्षा सम्पन्न भी हो गयी। दूसरी ओर पर्चा लीक होने की सूचना पा सदर एसडीओ कुंदन कुमार ने पालिटेक्निक कालेज पहुंच मामले की छानबीन की। उन्होंने प्रश्न पत्र का मिलान करने पर पाया कि बिक रहे प्रश्न पत्र और मंगलवार की परीक्षा के दौरान मिले प्रश्न पत्र एक ही हैं। दूसरी ओर कालेज के प्राचार्य सह केन्द्राधीक्षक जयराम साह ने प्रश्न प्रत्र लीक होने से साफ तौर पर इंकार करते हुए कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। उधर पर्चा लीक होने की खबर शहर में जंगल की आग की तरह फैल गयी जिससे छात्र इस आशंका से भयभीत थे कि कहीं परीक्षा रद न हो जाय। गौरतलब है कि सज्बे के पालिटेक्निक के विभिन्न सेमेस्टरों की परीक्षा मंगलवार से शुरू हुई। पहले दिन पहली पाली में गणित प्रथम पेपर की परीक्षा होनी थी। उधर जो परीक्षा होनी थी उसके प्रश्न पत्र बाजार में बिक रहे थे। कई छात्रों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि तीन हजार में प्रश्न पत्र की फोटो कापी बेची जा रही थी। उन्हें दिन के बारह बजे के बाद पर्चा लीक होने की जानकारी मिली। उधर मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीओ कुंदन कुमार ने कालेज पहुंच कर गहन छानबीन की। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया पूर्णिया से प्रश्न पत्र लीक होने की बात सामने नहीं आ रही है लेकिन लीक प्रश्न पत्र और परीक्षा में मिले प्रश्न पत्र एक समान हैं। मालूम हो कि पालिटेक्निक की परीक्षा के लिए पूर्णिया पालिटेक्निक कालेज में मिलिया पॅलिटेक्निक कालेज रामबाग व अजमत कालेज आफ इंजीनियरिंग किशनगंज का केन्द्र बनाया गया है। जहां पर कुल 710 छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं(दैनिक जागरण,पूर्णिया,22.12.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।