आने वाले समय में सेना नारी शक्ति से और अधिक समृद्ध होगी। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) में बालिकाओं की संख्या में सात फीसदी की वृद्धि करने की अनुमति रक्षा मंत्रालय ने दे दी है। अब देश भर में दो लाख व उत्तर प्रदेश में करीब बीस हजार और कैडेट प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगे। उत्तर प्रदेश में एनसीसी कैडेटों की संख्या 1.18 लाख है। देश भर में सिर्फ 24 फीसदी ही बालिका कैडेट हैं। करीब 28 हजार छात्र उत्तर प्रदेश और पांच लाख देश भर में प्रशिक्षण के लिए प्रतीक्षा में हैं। बालिकाओं को और अधिक मौका देने के लिए एनसीसी महानिदेशालय ने पिछले माह दो लाख और कैडेटों को प्रशिक्षण देने का आदेश जारी किया है। इसके लिए आठ नई यूनिट खोली जाएंगी। इनमें से पांच बालिकाओं के लिए होंगी। देहरादून में एक ग्रुप मुख्यालय और नोएडा व नक्सल प्रभावित जगदलपुर सहित आठ स्थानों पर आर्मी यूनिट, दो एयरफोर्स यूनिट और एक नेवल व एक वेटनरी स्क्वॉयड्रन यूनिट की कमीशनिंग होगी। नोएडा में भी आर्मी की बालिका यूनिट स्थापित होगी। दो लाख कैडेटों को भर्ती किए जाने की प्रक्रिया चार चरणों में सम्पन्न होगी। हर वर्ष 40 हजार कैडेट शामिल किए जाएंगे, इनमें प्रदेश के चार हजार कैडेट शामिल होंगे। एनसीसी प्रशिक्षण के लिए 140 सैन्य अधिकारियों, 465 जूनियर कमीशन अधिकारियों और 1025 एनसीओ की भर्ती की जाएगी(निशांत यादव,दैनिक जागरण,लखनऊ,2.12.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।