प्रदेशभर में आगामी सत्र से बीएड प्रवेश परीक्षा और काउंसलिंग विवि स्तर पर कराई जाएगी। इसके लिए सभी विवि में सहमति के बाद प्रस्ताव तैयार हो गया है। जल्द इसका आदेश जारी कर दिया जाएगा। सूबे के उच्च शिक्षा मंत्री राकेशधर त्रिपाठी की अध्यक्षता में लखनऊ में हुई सभी कुलसचिवों की बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेशभर में विवि स्तर पर एक ही तिथि पर प्रवेश परीक्षा पर सहमति जताई गई। इस बैठक में प्रमुख सचिव शिक्षा मनोज कुमार भी मौजूद रहे। बैठक में बताया गया कि सहगल समिति ने भी अपनी रिपोर्ट में इस बात की संस्तुति की है। बैठक से लौटे मेरठ विवि के रजिस्ट्रार प्रभात रंजन ने बताया कि शासन ने अगले सत्र 2011-12 की बीएड प्रवेश परीक्षा विवि स्तर पर कराने का निर्णय लिया है। प्रदेश में सभी विवि में यह परीक्षा एक ही तिथि पर आयोजित होगी। फार्म भरने व प्रवेशपत्र जारी करने से लेकर सारी प्रक्रिया विवि स्तर पर होगी। पेपर आदि की व्यवस्था के बारे में शासन ने अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया है। इस बारे में जल्द ही आदेश जारी होने की संभावना है। प्रवेश परीक्षा के बाद विवि स्तर पर ही काउंसलिंग भी संपन्न होगी।
इसलिए लेना पड़ा निर्णय :
बीएड की 2010-11 की प्रवेश परीक्षा शासन के निर्देश पर प्रदेशभर में लखनऊ विवि ने कराई तो काफी परेशानी हुई। पांच मई-2010 को होने वाली प्रवेश परीक्षा का प्रश्नपत्र आउट होने पर 19 जून को फिर से परीक्षा करानी पड़ी। इससे करोड़ों की चपत लगी और सात लाख अभ्यर्थियों को भी परेशानी हुई। यही नहीं शासन ने बीएड सत्र नियमित करने के लिए सत्र-09-10 को शून्य घोषित किया। इसके बावजूद सत्र-10-11 नियमित नहीं हो सका(दैनिक जागरण,मेरठ,17.12.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।