हरियाणा आबकारी एवं कराधान विभाग द्वारा मंगलवार को पदोन्नति के लिए तीन अलग वर्गो के अधिकारियों के लिए आयोजित परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्र सेक्टर 15 स्थित लाला लाजपत राय भवन में खूब हंगामा हुआ। दोपहर में सेल्स टैक्स एक्ट विषय की परीक्षा चल रही थी जब परीक्षक ने परीक्षा में शामिल एक के बाद एक पांच अधिकारियों को पर्चियों समेत धर दबोचा। अधिकारी इंस्पेक्टर स्तर के बताए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक इन पर्चियों में हैरतंगेज यह रहा कि प्रश्नपत्र के हूबहू ही पर्चियों में प्रश्नों के क्रमवार उत्तर लिखे गए थे। प्रश्न पत्र के लीक होने की प्रबल आशंकाओं के चलते अन्य परीक्षार्थी तनाव में आ गए व उन्होंने पर्चियों समेत पकड़े गए परीक्षार्थियों पर कार्रवाई करने और परीक्षा पत्र लीक होने का आरोप लगाते हुए इसे रद किए जाने की मांग की। दो सौ के लगभग परीक्षार्थी खिन्न होकर परीक्षा केंद्र से बाहर आ गए। इस दौरान अफवाहों का बाजार गरम रहा कि प्रश्न पत्र 10 व 20 हजार रुपये में बेचा गया है और कुछ परीक्षार्थी प्रश्न पत्र के उत्तर पहले से ही पर्चियों पर उतारकर परीक्षा में शामिल हुए हैं।
बहरहाल, इस विवाद के चलते शाम को 2 से 5 तक आयोजित की जाने वाली परीक्षा मध्य में ही बंद हो गई। इस संवेदनशील वाकये को लेकर यूटी पुलिस से शिकायत किए जाने की भी सूचना है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। इस बीच सूचनाओं के मुताबिक हरियाणा सरकार ने यूटी पुलिस को पत्र लिखकर परीक्षा में हुई गड़बड़ी व वास्तविक स्थितियों से अवगत करवाने के लिए कहा है(दैनिक जागरण,चंडीगढ़,15.12.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।