पुलिस महकमे में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) का पद समाप्त करने के लिए डीजीपी ने आईजी से राय मांगी है। आईजी ने गुरुवार को यह बात दरबार में मातहतों के समक्ष रखते हुए उनसे चर्चा की। इससे पूर्व आईजी ने परेड निरीक्षण और क्वाटर गार्ड की सलामी भी ली।
डीआरपी लाइन में आईजी संजय राणा के निरीक्षण के दौरान लगे दरबार में श्री राणा ने डीजीपी एसके राउत की बात मातहतों तक पहुंचाई। उन्होंने बताया एएसआई का पद समाप्त करने के पीछे मंशा यह है कि सिपाही को पूरी नौकरी में तीन प्रमोशन मिल जाएं। बात पूरी भी नहीं हुई और दरबार में तालियां गूंज उठीं।
प्रस्ताव पर सभी पक्ष में नजर आए। वहीं,एएसपी महेशचंद जैन ने विरोध करते हुए बताया एएसआई का पद समाप्त करने से तीन प्रमोशन संभव नहीं। आईजी ने सभी को खानपान पर नियंत्रण रखने व व्यायाम करने की सलाह भी दी।
परेड देखी- इससे पहले सुबह 8.30 बजे डीआरपी लाइन के ग्राउंड पर आईजी ने मार्च पास्ट के बाद प्लाटूनों की परेड देखी। उन्होंने कई गड़बड़ियां चिह्न्ति कर मातहतों को सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने क्वाटर गार्ड को भी आतंकवादी घुसने पर ली जाने वाली पोजीशन आदि की रणनीति समझाई।
कमजोर को डराती है पुलिस
आईजी ने बेबाक स्वीकारा कि पुलिस के बुरे व्यवहार की बहुत शिकायतें हैं। हम उसे ही धमकाते हैं जो कमजोर हैं,जनप्रतिनिधि या बड़े व्यक्ति के सामने पुलिस मीठे बोल बोलने लगती है। उन्होंने मातहतों को गुस्से पर नियंत्रण करने के नुस्खे भी बताए।
*एएसआई पद समाप्त करने का उद्देश्य है सिपाही भर्ती होने वाले व्यक्ति को कार्यकाल में तीन प्रमोशन मिल सकें।
*पूरे निरीक्षण के दौरान उन्होंने 55 पुलिसकर्मियों को इनाम दिए लेकिन सजा किसी को नहीं दी सिर्फ समझाइश दी।
*उन थाना प्रभारियों पर नाराज हुए जो सरकार द्वारा दिए गए गैलेंटरी मेडल या अन्य पदक वर्दी पर लगाकर नहीं आए थे। आईजी ने यहां तक कहा अगर मेडल लगा नहीं सकते तो विभाग में जमा करा दें।
*उन्होंने पूछा रोज व्यायाम कौन करता है तो 20 प्रश पुलिसकर्मियों ने हाथ खड़े किए। वे बोले स्वस्थ रहने के लिए 40 मिनट का व्यायाम अतिआवश्यक है।
*एसएसपी ने बताया सभी थाना क्षेत्र के लोकल अस्पतालों में रुटीन चेकअप की व्यवस्था की जा रही है। 90 प्रतिशत बीमारियां ज्यादा खाने से होती हैं, हमें चटोरी जीभ पर लगाम लगाना चाहिए।
*टीआई महू दौलतसिंह गूजर ने अस्पतालों से महीनों नहीं मिलने वाली पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का मुद्दा उठाते हुए कहा इससे केस भी पेंडिंग पड़े रहते हैं। उन्होंने पीएम रिपोर्ट भी सरकार के गारंटी सेवा अधिनियम के तहत तय समय सीमा में देना अनिवार्य करने की बात कही।
*टीआई डीके तिवारी ने कहा मूवमेंट के हिसाब से हलके जूते या स्पोर्ट्स शूज पहनने की अनुमति मिले। एलटीसी की सुविधा फिर से शुरू हो।> एक सिपाही ने बताया अगर एसपी छुट्टी दे दें तो थाने का हेडमोहर्रिर रवानगी नहीं देता(दैनिक भास्कर,भोपाल,31.12.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।