दिल्ली टेक्नॉलजिकल यूनिवर्सिटी (डीटीयू) में प्लेसमेंट के पहले राउंड में स्टूडेंट्स को एक से ज्यादा कंपनियों के ऑफर मिले हैं। कैंपस में 54 कंपनियां पहुंची हैं और 60 प्रतिशत से ज्यादा स्टूडेंट्स को जॉब ऑफर मिल चुका है। इससे कहीं और ज्यादा कंपनियां आनी बाकी हैं। यूनिवर्सिटी के मुताबिक, फाइनल इयर के करीब 500 स्टूडेंट्स में से 300 की प्लेसमेंट हो चुकी हैं और इनमें से 20 स्टूडेंट्स ऐसे हैं, जिन्हें दो-दो कंपनियों से ऑफर मिला है, यानी 320 जॉब ऑफर हो चुकी हैं। दिसंबर में जब दूसरी कंपनियां आएंगी तो स्टूडेंट्स को और बेहतर पैकेज मिल सकता है। अभी तक चार स्टूडेंट्स को 10.49 लाख का पैकेज मिला है।
यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग के प्रमुख प्रो. एस. के. गर्ग के मुताबिक, दिसंबर में 25 से 30 कंपनियां और आनी हैं। जनवरी में भी यह जारी रहेगा। वह बताते हैं कि इस बार प्लेसमेंट में नया ट्रेंड देखने को मिला है। पिछले सालों तक स्टूडेंट्स प्लेसमेंट के दौरान सैलरी पैकेज को ही सबसे ज्यादा महत्व देते थे, लेकिन अब वे बेहतर करियर और वर्क प्रफाइल को देखते हुए भी कंपनी के ऑफर स्वीकार कर रहे हैं। प्रो. गर्ग ने बताया कि कुछ स्टूडेंट्स ने तो कम पैकेज देने वाली कंपनियों का ऑफर स्वीकार किया है, जबकि उन्हें दूसरी कंपनी ज्यादा पैकेज दे रही थी। प्लेसमेंट में आने वाली कंपनियां अपना प्रेजेंटेशन देती हैं और उसके बाद स्टूडेंट्स कुछ सवाल भी पूछते हैं। इस बार स्टूडेंट्स कंपनी में अपने करियर की बेहतरी से जुड़े सवाल ज्यादा पूछ रहे हैं।
यूनिवर्सिटी के मुताबिक, पिछले साल के मुकाबले औसत पैकेज में भी सुधार हुआ है। इस बार अभी तक हुई प्लेसमेंट में औसत पैकेज 6 लाख रुपये तक का रहा है। पैकेज में 20 प्रतिशत तक का इजाफा देखने को मिल सकता है। इसके अलावा कंपनियां बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स को चुन रही हैं। मसलन इस बार तीन कंपनियों ने 33, 27 और 25 स्टूडेंट्स को चुना है। पिछले साल यूनिवर्सिटी में 138 कंपनियां आईं थी। इस हिसाब से अभी सिर्फ 54 कंपनियां आई हैं। आईटी सेक्टर की कंपनियां दिसंबर में आएंगी। यूनिवर्सिटी का कहना है कि स्टूडेंट्स के पास इस बार कई-कई कंपनियों के विकल्प मौजूद रहेंगे। विप्रो, इंफोसिस, टाटा कंसलटेंसी जैसी कंपनियां दिसंबर के बाद आएंगी।
वहीं, पिछले साल डीटीयू में शुरू हुए दिल्ली स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्कूल से एमबीए कर रहे 60 स्टूडेंट्स के बैच में से सात स्टूडेंट्स एक कंपनी ने सिलेक्ट किए हैं। यूनिवर्सिटी को उम्मीद है कि सभी स्टूडेंट्स की प्लेसमेंट हो जाएगी(भूपेंद्र,नवभारत टाइम्स, दिल्ली, 2.12.2010)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।