मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

18 जनवरी 2011

आईआईएम में नए तरीके से एडमिशन

कैट रिजल्ट के बाद कुछ छात्रों के पास दो या दो से ज्यादा आईआईएम का बुलावा भी आया है। ऐसे में उन्हें हर आईआईएम के पैटर्न के अनुसार ही तैयारी करनी होगी क्योंकि हर इंस्टीटच्यूट का अंतिम स्टेज के लिए अपना-अपना तरीका है।

एक्सपर्ट्स बताते हैं कि छात्र हर इंस्टीटच्यूट के लिए उसके तरीके के अनुसार ही अपनी तैयारी रखें। अभी तक कैट में सफल होने वाले छात्रों में से ज्यादातर इंजीनियरिंग बैकग्राउंड के हैं।

कैट में तीन में से दो सैक्शन मैथ्स और रीजनिंग के होते हैं जिसका फायदा रिटन टेस्ट तक इंजीनियरिंग के छात्रों को मिलता है। मगर अब इंटरव्यू के समय ऐसा नहीं होगा। यह भी हो सकता है कि संतुलन के लिए कोई आईआईएम नॉन-इंजीनियरिंग के छात्रों को एक स्तर तक प्राथमिकता भी दे दे।

आईआईएम अहमदाबाद
यहां जीडी पीआई में निबंध लिखवाया जाता है और पर्सनल इंटरव्यू लिया जाता है। ऐसे इंटरव्यू शीट पर दी हुई जगह में ही लिखना होगा जिसके लिए दस मिनट दिए जाएंगे। इंटरव्यू का समय 15 से 30 मिनट हो सकता है।

इसमें फ्रैशर्स के इंटरव्यू के दौरान एकेडमिक्स पर जोर दिया जाएगा और वर्किग एक्सपीरियंस वाले कैंडीडेट्स से उनके काम से संबंधित प्रश्न भी पूछे जा सकते हैं।

आईआईएम कोलकाता

इस इंस्टीटच्यूट के पीजीडीएम और पीजीडीसीएम प्रोग्राम के लिए ग्रुप डिस्कशन और इंटरव्यू होगा। डिस्कशन के लिए ग्रुप में 10 से 12 कैंडीडेट्स होंगे। दस मिनट के इस डिस्कशन से पहले 2 मिनट तैयारी के लिए दिए जाते हैं। 

जीडी पूरा होने पर कैंडीडेट को एक मिनट मिलता है जिसमें वह कुछ और पॉइंट्स जोड़ सकता है और डिस्कशन को अंतिम रूप दे सकता है।

आईआईएम बेंगलुरु
यहां भी निबंध और पीआई होगा मगर यहां निबंध के लिए 30 मिनट दिए जाएंगे और इंटरव्यू 20 से 25 मिनट का हो सकता है। इंटरव्यू के प्रश्न एकेडमिक्स और लिखे गए निबंध से सम्बंधित हो सकते हैं।

आईआईएम लखनऊ
यहां एडमिशन के लिए कैंडीडेट्स को तीन स्तर पार करने होंगे। निबंध, दूसरा जीडी और तीसरा इंटरव्यू। पंद्रह मिनट के निबंध के लिए एक शीट दी जाएगी जिसके दोनों तरफ लिख सकते हैं। 

इसके बाद 20 मिनट तक निबंध के टॉपिक पर ही डिस्कशन करना होगा। इसके लिए 10 कैंडीडेट्स का ग्रुप होगा। 15 से 20 मिनट के इंटरव्यू में एकेडमिक्स, इकोनॉमिक्स और वर्क एक्सपीरियंस के बारे में पूछा जा सकता है।

आईआईएम इंदौर
यहां 20 मिनट में 200 शब्दों का निबंध लिखना होगा और 15 से 20 मिनट इंटरव्यू होगा। साइकोमैट्रिक टेस्ट भी होगा। इसके लिए 10 मिनट में लगभग 20 प्रश्न पूछे जाएंगे। एक प्रश्न के साथ पांच विकल्प मिलेंगे जिन्हें सहमति से असहमति के क्रम में 1 से 5 तक की रैंकिंग देनी होगी।

आईआईएम कोझीकोड
पंद्रह मिनट के लिए ए4 साइज के 2 पेपर मिलेंगे। दस कैंडीडेट्स के ग्रुप को जीडी के लिए 20 मिनट का समय मिलेगा जिसमें पांच मिनट तक एक आर्टिकल पढ़ना होगा और उस पर 15 मिनट तक डिस्कशन करना होगा। इंटरव्यू 15 से 20 मिनट तक होगा।

आईआईएम शिलाँग
यहां केस स्टडी आधारित जीडी में पांच मिनट केस पढ़ने, 15 मिनट डिस्कशन और पांच मिनट समरी लिखने के लिए दिए जाएंगे। इंटरव्यू 15 से 20 मिनट में होगा जिसमें फ्रैशर्स से एकेडमिक्स और वर्क एक्सपीरियंस वाले कैंडीडेट्स से जॉब से संबंधित प्रश्न पूछे जा सकते हैं(विजय खंडेलवाल,दैनिक भास्कर,जयपुर,18.1.11)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।