मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

17 जनवरी 2011

दिल्ली में नर्सरी दाखिलाःअब सता रहा है फीस फंसने का डर

स्कूलों के परिणाम अलग-अलग दिन आने और फीस के लिए कम दिन मिलने से अभिभावकों में काफी निराशा है। अभिभावक इस बात को लेकर काफी परेशान हैं कि उन्होंने कई स्कूलों के फॉर्म भर रखे हैं और जिस स्कूल में नाम पहले आता है उसमें उन्हें फीस अदा करनी होगी ऐसे में उनकी फीस के फंस जाने की संभावना अधिक है। कुछ स्कूल जहां पहली सूची जनवरी के मध्य में जारी कर रहे हैं तो कुछ पहली सूची मार्च में। पर ऐसे स्कूलों की संख्या काफी अधिक है जो एक फरवरी को ही सूची जारी कर रहे हैं।

डीपीएस इंटरनेशनल स्कूल की सूची 17 जनवरी को आएगी और फीस जमा करने की अंतिम तारीख 19 जनवरी है तो महाराजा अग्रसेन कॉलेज की पहली सूची 24 जनवरी को आएगी और 31 जनवरी तक फीस जमा करनी होगी। मानव स्थली और भटनागर इंटरनेशनल की पहली सूची 15 जनवरी को आ चुकी है। न्यू इरा स्कूल की पहली सूची 18 जनवरी को आएगी और फीस जमा करने की अंतिम तारीख । रामजस स्कूल की पहली सूची 25 जनवरी को आएगी और 31 जनवरी तक अभिभावकों को फीस जमा करनी होगी तो वहीं सरदार पटेल विद्यालय की पहली सूची 10 मार्च को आएगी।


हिन्दुस्तान को मेल पर एक अभिभावक ने अपनी समस्या लिखते हुए कहा है कि मैंने डीपीएस इंटरनेशनल का फॉर्म भी भरा है और आधारशिला विद्यापीठ का भी। मुझे अपने बच्चे को आधारशिला विद्यापीठ में दाखिला दिलाना है उसकी पहली सूची 1 फरवरी को आएगी और दूसरी 28 फरवरी को। ऐसे में अगर मेरा डीपीएस इंटरनेशनल की सूची में नाम आ जाता है तो मुझे मजबूरन अपने बच्चे का दाखिला यहीं कराना होगा। एक अभिभावक प्राणेश का कहना है कि मेरी परेशानी ये है कि स्कूलों ने फीस जमा करने के लिए दिन बहुत कम दिए हैं। कुछ स्कूलों ने तो दो दिन फीस जमा करने के लिए दिए हैं। ऐसे में इतने कम समय में इतने पैसे की व्यवस्था करना भी मुश्किल काम है।


एक अभिभावकों ने बताया कि मेरी परेशानी है कि मैंने तीन स्कूलों में फॉर्म भर रखे हैं और जिस स्कूल में मैं बच्चे का दाखिला चाहता हूं उसका परिणाम सबसे अंतिम में आ रहा है ऐसे में अगर मैं शुरुआत के दो स्कूलों के विकल्प छोड़ता हूं और मेरे बच्चे का नाम मेरी प्राथमिकता के स्कूल में नहीं आता है तो उसे कहीं दाखिला नहीं मिलेगा। वहीं अगर मैं शुरू के दो स्कूलों में से किसी एक में फीस जमा कर देता हूं और मेरे मनपसंद के तीसरे स्कूल में भी बच्चे का नाम आ जाता है तो मेरी फीस भी फंस जाएगी।

एजुकेशन फॉर ऑल के सुमित वोहरा कहते हैं कि अभिभावकों के लिए बड़ी पशोपेश की स्थिति हो गई है। पिछले साल सरकार ने ये कहा था कि पहली सूची 1 फरवरी को आएगी और दूसरी सूची 28 फरवरी को। पर इस साल यह परेशानी देखने में आ रही है कि कुछ स्कूल फरवरी के पहले-पहले ही अपनी दाखिला प्रक्रिया समेट लेंगे। ऐसे में जिन अभिभावकों ने एक से अधिक स्कूलों में फॉर्म भर रखा है वह तो बुरी तरह फंस जाएंगे। क्योंकि कुछ स्कूलों की पहली सूची जनवरी के मध्य में ही आ रही है और कुछ मार्च तक पहली सूची जारी कर रहे हैं।

कब-कब होगी पहली सूची जारी
सेपलिंग स्कूल 15 जनवरी
मानव स्थली स्कूल 15 जनवरी
डीपीएस इं. स्कूल 17 जनवरी
इंडियन स्कूल 22 जनवरी
महा. अग्रसेन स्कूल 24 जनवरी
स्नेह इं. स्कूल 24 जनवरी
संस्कृति स्कूल 1 फरवरी
समरफील्ड स्कूल 1 फरवरी
टैगोर इंटरनेशनल स्कूल 1 फरवरी 
हेरिटेज स्कूल, रोहिणी 3 फरवरी 
सेंट थॉमस स्कूल 8 फरवरी
स्प्रिंगडेल्स स्कूल 12 फरवरी
(लाइव हिंदुस्तान डॉटकॉम,17.1.11)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।