मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

18 जनवरी 2011

दिल्ली में नर्सरी दाखिलाःजारी है स्कूलों की मनमानी और चुप है निदेशालय

नर्सरी दाखिला प्रक्रिया में अब दाखिले के लिए प्वाइंट सिस्टम में जगह बनाने के लिए अभिभावकों की जद्दोजहद शुरू हो गई है। आरोप है कि स्कूल कभी दस्तावेजों के सत्यापन तो कभी अभिभावकों से मुलाकात के नाम पर डोनेशन लेकर सीट बुक करने के ऑफर दे रहे हैं।

उम्र सीमा के निर्धारण को लेकर भी स्कूलों का अड़ियल रवैया जारी है। डीपीएस इंटरनेशनल (आरके पुरम) ने तो इसके तहत अपनी पहली सूची भी जारी कर दी है।

शिक्षा निदेशालय की ओर से लागू नियमों के तहत नर्सरी दाखिले के लिए छात्र की उम्र 3 या 3 साल से ज्यादा होनी चाहिए और उम्र का निर्धारण 31 मार्च 2011 के तहत होना है। जबकि दो स्कूलों पर उम्र निर्धारण में उल्लंघन करने का आरोप हैं।

डीपीएस इंटरनेशनल व माउंट कारमल दोनों ही स्कूलों में हो रहे दाखिलों के तहत 31 मार्च, 2011 की समय सीमा के तहत साढ़े तीन साल के बच्चों को दाखिला दिया जा रहा है।


स्कूलों की ओर से जारी मानमानी के तहत अब विभिन्न स्कूलों पर सीट सुरक्षित करने के एवज में अभिभावकों से डोनेशन मांगने के आरोप लग रहे हैं। इन स्कूलों में विकास भारती पब्लिक स्कूल पर 40-45 हजार रुपये डोनेशन तो मैक्सफोर्ट, द्वारका पर दाखिला सुनिश्चित करने केनाम पर 20 हजार रुपये मंगाने का आरोप लगा है।


एक पीड़ित अभिभावक ने बताया कि मैक्सफोर्ट स्कूल में तो इस डिमांड के लिए रोजाना किसी न किसी बहाने से स्कूल बुलाया जाता है और जब डोनेशन के सम्बंध में बात होती है उस दौरान अभिभावकों का मोबाइल फोन तक जमा करा लिए जाते हैं। डोनेशन मांगने वाले स्कूलों सेंट मार्टिन, दिल्ली कैंट, सेंट मैरी, विवेकानंद पब्लिक स्कूल के खिलाफ अभिभावक लगातार आरोप लगा रहे हैं।

एक पीड़ित अभिभावक ने विवेकानंद पब्लिक स्कूल की ओर से हो रहे नियमों के उल्लघंन के विषय में बताया कि उनपर लगातार इस बात के लिए दबाव बनाया जा रहा है कि वह अपने बच्चें व पत्नी के साथ इंटरव्यू के लिए आएं।

उन्होंने बताया कि उनका परिवार किसी काम से दिल्ली से बाहर है। इसलिए ऐसा सम्भव नहीं है। तो स्कूल का कहना है कि इंटरव्यू नहीं देंगे तो दाखिला नहीं होगा।

डीपीएस इंटरनेशनल की सूची जारी, 35 प्वाइंट तक लगा नंबर
नर्सरी दाखिले के लिए एक पखवाड़े तक चली आवेदन प्रक्रिया के बाद सोमवार से स्कूलों ने अपनी दाखिला सूची जारी करनी शुरू कर दी है। आरके पुरम स्थित डीपीएस इंटरनेशनल की ओर से जारी दाखिले की पहली सूची में 61 उम्मीदवारों के नाम जारी किए गए।

इनमें 39 छात्रों को तो सीधे तौर पर नर्सरी दाखिले के लिए हरी झंडी दिखा दी गई, जबकि 40 से 61 नम्बर तक रहे उम्मीदवारों के बीच लकी ड्रॉ निकाला गया। स्कूल में दाखिले के लिए चुने गए उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा प्वाइंट पाने वाले छात्र को 60 प्वाइंट मिले जब सबसे कम 35 प्वाइंट दाखिला दिया गया है।

स्कूल में 18-19 जनवरी को फीस जमा होगी। स्कूल में उपलब्ध नर्सरी की सीटों पर दाखिले के लिए कुल 410 आवेदन आए थे, जिनमें 391 से 410 के बीच वह अभिभावक थे, जिन्हें मात्र 10 प्वाइंट ही मिले हैं।

डीपीएस, वसंत कुंज ने भी जारी की सूची :
डीपीएस वसंत कुंज ने सोमवार देर रात अपनी पहली सूची जारी कर दी है। स्कूल की ओर से जारी सूची को दाखिले की सूची के बजाये योग्य उम्मीदवारों की सूची के तौर पर प्रदर्शित किया गया है।

इसमें 129 उम्मीदवारों का ब्योरा देते हुए उन्हें दास्तावेजों की जांच के लिए बुलाया गया है। दस्तावेजों की जांच 18 जनवरी से शुरू होगी और 21 तक चलेगी। जिसके बाद दाखिले के लिए फीस जमा कराने वाले योग्य उम्मीदवारों की सूची जारी होगी।

आज न्यू ऐरा पब्लिक स्कूल का नंबर
स्कूलों की ओर से जारी हो रही नर्सरी दाखिले की सूची में मंगलवार 18 जनवरी को न्यू ऐरा पब्लिक स्कूल, राजौरी गॉर्डन का नम्बर है। वहीं 20 जनवरी को क्वींस वैली, कालका पब्लिक स्कूल, कालकाजी, सचदेवा गलोबल, रोहिणी, सचदेवा पब्लिक स्कूल, पीतमपुरा की सूची आएगी।

22 जनवरी को मूलचंद स्थिति इंडियन स्कूल का नम्बर है तो 25 का रामजस स्कूल और 27 को लक्ष्मण पब्लिक स्कूल की दाखिला सूची जारी होने की सम्भावना है।

उनका कहना है
"स्कूलों की मनमानी पहले ही दिन से लगातार जारी है कुछ स्कूलों को नोटिस जारी कर निदेशालय खमोशी से सारा नजारा देख रहा है। पहले ही दिन से माउंट कारमल स्कूल में उम्र सीमा को लेकर नियमों का उल्लंघन जारी है, लेकिन आज तक उसके खिलाफ एक कारण बताओ नोटिस तक जारी नहीं किया गया है- "सुमित वोहरा, एजुकेशन फॉर ऑल के संस्थापक(दैनिक भास्कर,दिल्ली,18.1.11)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।