राजधानी भोपाल के एक और सरकारी कालेज की लापरवाही से बरकतउल्ला विश्वविद्यालय की परीक्षाओं की गोपनीयता भंग हो गई। भेल कालेज ने चार फरवरी को होने वाला अंग्रेजी का पेपर बुधवार को ही बांट दिया। गलती सामने आने पर दोबारा लिफाफा पैक किया गया। जानकारी के अनुसार बुधवार को बीए थर्ड सेमेस्टर में हिंदी का पेपर था। लिफाफों में विषय के साथ ही तारीख भी छपी हैं। बावजूद इसके भेल कालेज के स्टाफ ने चार फरवरी को होने वाले पेपर का लिफाफा खोल दिया। केंद्राध्यक्ष के साथ ही कमेटी के सदस्यों ने भी इसे देख लिया। बावजूद इसके स्ट्रांग रूम से बाहर पेपर आ गया। बाद में गलती सामने आने पर लिफाफा दोबारा बंद किया गया। साथ ही अंग्रेजी के पेपर लेकर हिंदी के पेपर बांटे गए। साथ ही विवि प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय ने भी इस पेपर को आउट करार देते हुए सभी कालेजों से लिफाफे वापस मंगा लिये गए। साथ ही नए सेट भी शाम तक रवाना कर दिए गए। देर रात तक अधिकांश केंद्रों में पेपर पहुंच भी गए हैं। कार्यवाही होना तय : विवि ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। इसके चलते कालेज प्राचार्य सहित परीक्षा कमेटी के तीनों सदस्यों को नोटिस देने की तैयारी की जा रही है। इसकी जानकारी आयुक्त उच्च शिक्षा को भी दी जाएगी। गोपनीय शाखा के डिप्टी रजिस्ट्रार वीके सिंह का कहना है कि सभी केंद्रों पर नया सेट भेज दिया गया है। इसलिए अब शुक्रवार का पेपर निरस्त करने की जरूरत नहीं है। इस लापरवाही पर कालेज प्रबंधन पर कार्यवाही की जाएगी(दैनिक जागरण,भोपाल,3.2.11)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।