मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

02 फ़रवरी 2011

बैंक ऑफ बड़ौदा में लिपिकों की भर्ती

आजकल बैंकों में नौकरी की बहार है। सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंकों में बहुत अधिक संख्या में रिक्तियां निकल रही हैं। दरअसल, इन दिनों बैंक अपनी सेवाओं का तेजी से विस्तार कर रहे हैं। अब बैंकों ने सैलरी भी काफी बढ़ा दी है। यही कारण है कि बैंक की नौकरियों से जुड़ने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए स्वर्णिम अवसर हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा ने हाल ही में क्लर्क पदों की भर्ती के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आमंत्रित किए हैं। यदि आपको बैंक में नौकरी करने की तमन्ना है, तो आपके पास इस अवसर को कैश करने का सुनहरा अवसर है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 फरवरी और लिखित परीक्षा की तिथि 17 अप्रैल है। आप आवेदन बैंक ऑफ बड़ौदा की वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं। कुल पदों की संख्या 1500 है। शैक्षिक योग्यता जनरल कैंडिडेट के लिए इंटरमीडिएट में 55 प्रतिशत अंक या किसी भी विषय से ग्रेजुएशन अनिवार्य है। आरक्षण के दायरे में आने वाले कैंडिडेट्स को सरकारी नियमानुसार छूट का प्रावधान है। उम्र सीमा जनरल कैंडिडेट के लिए 18 से 28 वर्ष निर्धारित है। ओबीसी के लिए तीन वर्ष, एससी, एसटी अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम उम्र सीमा में सरकारी नियमानुसार छूट का प्रावधान है। सेलेक्शन प्रोसेडयोर क्लर्क पद के लिए दो चरणों में परीक्षा आयोजित होगी। प्रथम चरण के अंतर्गत ऑब्जेक्टिव टाइप के प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें रीजनिंग, क्लेरिकल एप्टीटयूड, न्यूमेरिकल एबिलिटी, इंग्लिश तथा सोशियो-इकोनॉमिक ऐंड बैंकिंग अवेयरनेस ऐंड कम्प्यूटर अवेयरनेस से संबंधित प्रश्न होंगे। जो अभ्यर्थी इस लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होंगे, उन्हीं को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इसमें सफल होने के बाद आपका अंतिम रूप से चयन हो जाएगा। तैयारी के लिए रणनीति अब प्राय: सभी बैंकों में गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किग का प्रावधान है। इससे बचने के लिए पहले से ही इस बात को गांठ बांध लें कि जिन प्रश्नों के उत्तर आप नहीं जानते हैं या जिनके बारे में आपको दुविधा है, उन्हें कभी भी सॉल्व नहीं करेंगे। किसी भी परीक्षा की तैयारी के लिए उसके सिलेबस को एक बार देखना अनिवार्य है। यदि आप सिलेबस को नहीं देखेंगे, तो आप इसके लिए मुकम्मल तैयारी नहीं कर पाएंगे। आपके लिए सबसे आदर्श स्थिति यह है कि सर्वप्रथम सिलेबस पर एक नजर दौड़ाएं। यदि आप कुछ मार्गदर्शन के साथ-साथ बेहतर माहौल चाहते हैं, तो अच्छी कोचिंग की भी सहायता ले सकते हैं अथवा यदि आपके सीनियर्स प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हों, तो आप उनसे भी कुछ सीख सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार वस्तुनिष्ठ परीक्षा में यदि प्रश्नों को तेजी और शुद्धता से हल करने की आदत नहीं है, तो अधिकांश प्रश्नों का जवाब दे पाना संभव नहीं है। इसके लिए अधिक से अधिक संख्या में प्रश्नों को हल करने का अभ्यास करें और शुद्धता का भी पूरा ध्यान रखें। गणित के प्रश्नों को शॉर्टकट फार्मूले से हल करने का प्रयास करें। रीजनिंग और न्यूमेरिकल के लिए विश्वसनीय पुस्तक पढ़ने के अलावा प्रतियोगिता पत्रिकाओं की मदद से प्रैक्टिस सेट हल करने की कोशिश करें। अंग्रेजी के लिए ग्रामर की प्रमाणिक पुस्तक जैसे रेन ऐंड मार्टिन आदि को पढें(दैनिक जागरण,भोपाल,2.2.11)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।