मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

04 फ़रवरी 2011

लखनऊ नगर निगमःमौत पर बीमा की राशि बढ़ी

नगर निगम के छह हजार कर्मचारियों के लिए बुधवार का दिन खास रहा। अभी तक नगर निगम के किसी अधिकारी व कर्मचारी की मौत पर बीमा की राशि 25 हजार रुपये ही मिलती थी, लेकिन अब वेतन के आधार पर यह राशि एक लाख से चार लाख रुपये के बीच मिलेगी। इस संबंध में नगर आयुक्त शैलेश कुमार सिंह ने बुधवार शाम आदेश जारी कर दिया। सामूहिक बीमा का यह लाभ देने के लिए शासन ने 18 फरवरी 2010 को आदेश जारी किया था, जिसे लागू करने में नगर निगम को एक वर्ष लग गए। नगर आयुक्त ने अपने आदेश में कहा है कि नगर निगम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की बीमा कटौती नई दरों पर ग्रेड पे के आधार पर की जाए। किसी भी माह बीमा राशि की कटौती रोकी न जाए। उधर, नगर निगम के नियमित 32 सौ सफाई कर्मचारियों को अब भविष्य निधि की राशि के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। नगर आयुक्त ने इन सफाई कर्मचारियों के भविष्य निधि का खाता इलाहाबाद बैंक में अलग-अलग खोलने का आदेश दिया है। इस संबंध में सफाई कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति मोर्चा के चौ. निवरती लाल, श्याम लाल पुजारी, जुगल किशोर बाल्मीकि, संजय लाल, रंजीत धानुक, नरेश राय बाल्मीकि, कमल बाल्मीकि व अन्य ने नगर आयुक्त से गुरुवार को मुलाकात की। कर्मचारी नेताओं ने संविदा सफाई कर्मचारियों के मानदेय में सौ रुपये की वृद्धि, शिविर लगाकर भविष्य निधि का फार्म भरवाने, बीट इंचार्जों व कार्य पर्यवेक्षकों को प्रोन्नति देने के लिए वरिष्ठता सूची बनाने, छठे वेतनमान का अवशेष देने समेत अन्य मांग रखी। इसके बाद नगर आयुक्त ने भविष्य निधि का फार्म भरने के लिए जोन-एक में छह फरवरी को, जोन-दो में 12 व जोन-तीन में 13 को, जोन-चार में 20 को और जोन-छह में चार मार्च को शिविर लगाने का आदेश दिया। उत्तर प्रदेश नगर निगम कर्मचारी संघ ने भी सात सूत्री मांगों को लेकर नगर आयुक्त से मुलाकात की। संघ के अध्यक्ष राजेश सिंह व महामंत्री रामकुमार रावत ने छठा वेतनमान का अवशेष देने, मार्गप्रकाश के संविदा कर्मचारियों को जीवन रक्षक उपकरण देने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अवशेष दस प्रति राशि देने समेत कई मांगों को रखा(दैनिक जागरण,लखनऊ,4.2.11)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।