मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

03 फ़रवरी 2011

यूपीःपरीक्षार्थी नहीं, शिक्षकों पर होगी सख्ती

बोर्ड परीक्षा में सुधार के लिए शासन ने अबकी जो तैयारियां की हैं, उसका पचास फीसदी भी लागू हो सका तो अबकी नकल माफिया मनमानी नहीं कर पाएंगे। परीक्षा के दौरान अराजकतत्वों पर काबू करने के लिए अबकी बाह्य सचल दस्ते को ज्यादा अधिकार दिए जा रहे हैं। इसके अलावा बाह्य सचल दस्ते की संख्या और टीम में सदस्यों की संख्या भी बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। परीक्षा के दौरान कक्ष निरीक्षकों, आंतरिक केंद्र व्यवस्थापकों पर अधिक सख्ती को कहा गया है।
परीक्षा समिति के साथ बैठक में माध्यमिक शिक्षा निदेशक और सचिव माध्यमिक शिक्षा ने कई अहम बदलावों पर चर्चा की। बैठक में पिछले तीन वर्षों की परीक्षा के दौरान परेशानियों, घटनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों के मुताबिक समीक्षा में सामने आया कि कई जिलों में कक्ष निरीक्षक ही नकलमाफिया या उनके सहायक बन जाते हैं। इसलिए तय किया है कि अबकी परीक्षार्थियों से ज्यादा सख्ती कक्ष निरीक्षकों पर होगी। बाह्य सचल दस्ते के अधिकार बढ़ाए जाएंगे। तय किया गया है कि केंद्र पर किसी भी गड़बड़ी के लिए बाह्य केंद्र व्यवस्थापक जिम्मेदार होंगे लेकिन सचल दस्ते के सदस्यों को अधिकार होगा कि वे केंद्र व्यवस्थापकों के साथ किसी भी कक्ष निरीक्षक के खिलाफ जांच करें। कक्ष निरीक्षकों के पास विषयवार फोटो पहचान पत्र न मिलने पर उन्हें तत्काल परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशक संजय मोहन का कहना है कि फर्जी कक्ष निरीक्षकों और कोचिंग माफियाओं पर नकेल के लिए सख्ती की जा रही है(अमर उजाला,इलाहाबाद,3.2.11)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।