मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

17 अप्रैल 2011

दिल्लीःसरकारी स्कूलों में न पुस्तकें, न शिक्षक

दिल्ली सरकार के स्कूलों में नया सत्र शुरू हुए दो सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक छात्रों को न तो पुस्तकें मिली हैं और न ही कक्षाओं में शिक्षक हैं। उत्तर पश्चिम ए व बी जिले के लगभग 26 स्कूलों में छात्रों की पढ़ाई पुस्तकों एवं शिक्षकों की कमी से प्रभावित हो रही है। शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार जिन स्कूलों में पुस्तकें पहुंची भी हैं वहां सभी छात्रों को पूरी पुस्तकें नहीं मिली हैं। शालामार गांव विद्यालय कल्याण समिति के सदस्य अशोक कुमार ने बताया कि कक्षा छह से आठ के सेट पूरे नहीं आए। अभिभावक सरिता त्रिपाठी ने बताया कि पुस्तकों के लिए पिछले एक सप्ताह से स्कूल के चक्कर काट रही हैं, लेकिन अभी तक पूरी किताबें ही नहीं मिली। जहांगीरपुरी से अभिभावक महेश मेहता ने बताया कि स्कूल प्रशासन पुस्तक मिलने में हो रही देरी की वजह पुस्तकों की छपाई न होना बतायाजा रहा है। पूंठ कलां स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय के पीटीए सदस्य भूपेंद्र बैरवा ने बताया कि स्कूलों में पुस्तकें नहीं हैं। विद्यालय कल्याण समिति (वीकेएस) के सदस्य आजाद सिंह ने बताया कि पहले ही स्कूलों में शिक्षकों की कमी चल रही है, ऐसे में शिक्षकों की डयूटी पीतमपुरा, अशोक विहार, रोहिणी आदि के स्कूलों में आयोजित सेमीनार में लगा दी गई है। आलम ये है कि कक्षा एक से बारहवीं में मुख्य विषय पढ़ाने वाले शिक्षक भी व्यस्त हैं। वीकेएस के सदस्य राजेंद्र मित्तल ने बताया कि कई शिक्षक सीबीएसई पेपर निरीक्षण की ड्यूटी पर हैं। ऐसे में नई कक्षाओं में शिक्षकों की तैनाती नहीं के बराबर है। ध्यान रहे कि उत्तर पश्चिम ए व बी जिले में लगभग 200 से अधिक स्कूल हैं। जिसमें पुनर्वासित कॉलोनी, अनधिकृत एवं ग्रामीण इलाकों के अंतर्गत स्कूल अधिक आते हैं। इधर ज्यादातर स्कूल के प्राचार्यो का कहना है कि पुस्तकें मिलने में हो रही देरी के लिए शिक्षा विभाग उच्चाधिकारियों को सूचित किया जा चुका है। उत्तर पश्चिम ए जिले की उपशिक्षा निदेशक नीना कुमारी ने बताया कि स्कूलों में पुस्तकें वितरित करने की जिम्मेदारी पुस्तक वितरकों की है। जिन्हें सरकुलर जारी कर वितरण के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षकों के लिए आयोजित सेमीनार एक सप्ताह बाद समाप्त होंगे, जो पाठ्यक्रम का अभिन्न हिस्सा है। 

स्कूल जहां नहीं मिली पुस्तकें
राजकीय उच्चतर माध्यमिक बाल विद्यालय शालामार गांव, सर्वोदय बालिका विद्यालय पूंठ कलां, राजकीय उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय सुलतानपुरी, सर्वोदय विद्यालय मंगोलपुरी, सर्वोदय विद्यालय जीपी ब्लॉक पीतमपुरा, राजकीय उच्चतर माध्यमिक सहशिक्षा विद्यालय सेक्टर 20, राजकीय उच्च माध्यमिक बाल विद्यालय शाहबाद डेरी, भलस्वा स्थित सर्वोदय विद्यालय, जहांगीरपुरी के एवं जी ब्लॉक स्थित सरकारी विद्यालय, वजीरपुर जेजे कालोनी स्थित सर्वोदय विद्यालय(दैनिक जागरण,बाहरी दिल्ली संवाददाता,17.4.11)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।