करियर के प्रति चिंतित युवाओं के लिए बैकिंग, अर्द्धसैनिक बल, रेलवे, बीमा आदि क्षेत्र नौकरियों की सौगात लेकर आए हैं। अगले दो-तीन वर्षो में इन क्षेत्रों में कई लाख पदों को भरे जाने की योजना है। इस वर्ष की पहली छमाही के लिए अब तक 50 हजार से अधिक पदों के विज्ञापन निकाले जा चुके हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने विभिन्न स्तर पर 6,113 पद, इलाहाबाद बैंक ने पीओ के डेढ़ हजार पद, पंजाब नेशनल बैंक ने विभिन्न स्तरों पर 6,428 पदों के लिए विज्ञापन दिया है। जबकि कॉरपोरेशन बैंक ने लिपिक के एक हजार पद, आंध्र बैंक ने पीओ के 450 पद और लिपिक के एक हजार पद, कांगड़ा सेंट्रल को-ऑपरेशन बैंक ने 354 पद और बैंक ऑफ बड़ौदा ने पीओ के 900 पदों के लिए आवेदन मांगा है। करीब 15 लाख कर्मचारियों वाली भारतीय रेल में भी बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सामने आ रहे हैं। रेल मंत्री ममता बनर्जी ने 2011-12 के रेल बजट में इस वित्त वर्ष के दौरान 1.75 लाख रिक्त पदों को भरे जाने की घोषणा की थी। इसके तहत ग्रुप सी के 1,12,560 पद, ग्रुप डी में 58,329 पद और ग्रुप ए और बी के 1,549 पदों को एकल परीक्षा के माध्यम से भरा जाएगा। एसएससी के तहत बीएसएफ, सीआइएसएफ, सीआरपीएफ और एसएसबी में सिपाही की भर्ती योजना के तहत 3,970 पदों के लिए विज्ञापन दिया गया है। इसी तरह असमराइफल्स में कांस्टेबलों के 880 पद रिक्त हैं। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआइसी) ने विभिन्न स्तरों पर 7,540 पदों के लिए विज्ञापन दिया है। वहीं, कोयला क्षेत्र की कोल इंडिया लिमिटेड भी इस साल 1400 प्रबंधन प्रशिक्षुओं (मैनेजमेंट ट्रेनी) की भर्ती करेगी। ताजा सर्वेक्षण के अनुसार, सरकारी बैंकों में अगले कुछ वर्ष में 50 प्रतिशत से अधिक कर्मचारी सेवानिवृत्त होंगे। इन पदों को भरने और बैंक की शाखाओं के विस्तार की योजना को देखते हुए अगले दो-तीन साल में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में रोजगार के 80 हजार अवसर पैदा होंगे(दैनिक जागरण,दिल्ली,18.4.11)।
ये तो खुशी की बात है। धन्यवाद।
जवाब देंहटाएं