रविवार को एग्जाम डे था। अलग-अलग विषयों से जुड़ी तीन परीक्षाएं शहर के विभिन्न केंद्रों में आयोजित की गईं। यह तीनों ही परीक्षाएं किसी संस्थान में सीट सुनिश्चित करने के लिए न होकर नौकरी पाने को लेकर थीं। संघ लोक सेवा आयोग की ओर से प्रायोजित एनडीए की परीक्षा के अलावा इलाहाबाद बैंक पीओ की परीक्षा विभिन्न केंद्रों में हुई।
इसके साथ एनटीपीसी की ओर से एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के लिए परीक्षा हुई। लगभग आठ हजार परीक्षार्थी इन परीक्षाओं में शामिल हुए। सबसे अधिक भीड़ एनडीए की परीक्षा के लिए हुई। इसके लिए शहर में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। एनटीपीसी के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर के लिए सात केंद्रों में परीक्षा का आयोजन किया गया।
लगभग ढाई हजार बीटेक और बीई डिग्री धारी इस परीक्षा में शामिल हुए। इलाहाबाद बैंक पीओ के लिए शहर के एकमात्र स्कूल जेएन पांडेय में परीक्षा हुई। 700 छात्रों को इस परीक्षा में शामिल होना था, इसमें से 480 ने परीक्षा दी।
वैकेंसी ज्यादा, कटऑफ कम होने की उम्मीद
इलाहाबाद बैंक में पीओ पद के लिए जेएन पांडेय स्कूल में परीक्षा हुई। लगभग पांच सौ प्रतिभागी इस परीक्षा में शामिल हुए। इस परीक्षा में कुल तीन सौ प्रश्नों को तीन घंटे में हल करना था। तीन सौ प्रश्नों में 75 प्रश्न जनरल नॉलेज के थे, उसमें अधिकतम प्रश्न वर्तमान घटनाक्रम के थे। 75 प्रश्न रीजनिंग व 50 प्रश्न गणित के रहे।।
50 प्रश्न अंग्रेजी के और 50 कंप्यूटर अवेयरनेस के पूछे गए। बैंक पीओ परीक्षा के जानकार श्याम वर्मा कहते हैं, पिछली परीक्षाओं को देखते हुए जनरल नॉलेज और रीजनिंग के प्रश्न कठिन थे। इसकी तुलना में मैथ्स और अंग्रेजी के प्रश्न सामान्य से आसान रहे।
उनके अनुसार इस बार कटऑफ 150 के आसपास रहना चाहिए। वैकेंसी अधिक होने से प्रतिभागियों को लाभ मिल सकता है। वैसे अलग-अलग विषयों में परीक्षार्थियों को कम से कम 40 प्रतिशत अंक लाने ही होंगे।
पूरा हो एनटीपीसी से जुड़ने का सपना
नेशनल थर्मल पॉवर प्लांट कॉपरेरेशन (एनटीपीसी) में एक्जीक्यूटिव इंजीनियर पद के लिए शहर में परीक्षा का आयोजन किया गया। साइंस कॉलेज समेत आठ परीक्षा केंद्रों में यह परीक्षा हुई। लगभग ढाई हजार प्रतिभागी इन परीक्षाओं में शामिल हुए।
किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बीटेक और बीई की डिग्री वाले छात्रों ने यह परीक्षा दी। सुबह दस बजे से बारह बजे तक हुई इस परीक्षा में 120 प्रश्न पूछे गए। 120 प्रश्नों में 70 प्रश्न तकनीकी और 50 प्रश्न जनरल नॉलेज और रीजनिंग के थे। इस परीक्षा में पास आउट अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए कॉल किया जाएगा। यह अलग-अलग सेंटरों पर होंगे(दैनिक भास्कर,रायपुर,18.4.11)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।