मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

18 अप्रैल 2011

दाखिला फर्जीवाड़ा रोकने की मुहिम बनी मुसीबत

कभी इंजीनियरिंग तो कभी डॉक्टरी में दाखिले के लिए हो रहे फर्जीवाड़े से परेशान गुरु गोविंद सिंह इन्द्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) की ओर से लागू किया गया नियम अब उसके लिए ही परेशानी की वजह बन गया है।

विश्वविद्यालय ने आवेदकों की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से न सिर्फ पहली बार पासपोर्ट साइज फोटो की जगह पोस्टकॉर्ड साइज को लागू किया, बल्कि अंगूठे का निशान भी अनिवार्य कर दिया, लेकिन पढ़े-लिखे आवेदक भी इसका पालन करने में जमकर गलती कर रहे हैं।

आलम यह है कि अब विश्वविद्यालय ही छात्रों से अपील कर रहा है कि वे व्यक्तिगत व डॉक के जरिये अपनी गलतियों का सुधार करें। याद रहे कि आईपीयू के विभिन्न प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रशासन हर साल देश भर में संयुक्त प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करता है और इनके आधार पर क्वालीफाई करने वाले छात्र-छात्राओं को दाखिला दिया जाता है।

लेकिन, पिछले तीन वर्षो से इस प्रक्रिया में लगातार धांधलियों के मामले सामने आ रहे थे। प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में कई मुन्ना भाई रंगे हाथों पकड़े भी गए। इनमें से कुछ परीक्षा के दौरान तो कुछ काउंसिलिंग के दौरान पकड़ में आए।


इन्हीं घटनाओं से सबक लेते हुए प्रशासन ने सत्र 2011-12 के दाखिलों के लिए जारी आवेदन प्रक्रिया में अपने फॉर्म में दो अहम बदलाव किए। इनमें पहली बार छात्रों से फॉर्म पर अंगूठे का निशान लगाने के लिए कहा गया और पासपोर्ट साइज फोटो की बजाए पोस्ट कार्ड साइज फोटो लगाने के निर्देश भी दिए गए। 

आईपीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. योगेश सिंह ने बताया कि अभी तक करीब 200 आवेदन ऐसे प्राप्त हुए हैं जिनमें छात्र-छात्राओं ने पोस्ट कार्ड साइज फोटो के बजाए पुराने तरह से पासपोर्ट साइज फोटो लगाए हैं। वहीं, लगभग दो दर्जन छात्रों ने फॉर्म पर सही ढंग से अंगूठा तक नहीं लगाया है। 

छात्रों से फॉर्म पर एक ही जगह अंगूठा लगाने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने तीन-तीन जगह अंगूठा लगा दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गलतियां करने वाले छात्रों को प्रवेश परीक्षा के दौरान परेशानी हो सकती है। 

प्रो. सिंह ने बताया कि छात्र-छात्राओं की इन्हीं गलतियों को ठीक कराने के लिए उनसे फोन और डाक के जरिए संपर्क किया जा रहा है। उनसे व्यक्तिगत तौर पर और डाक के जरिए भी इन गलतियों में सुधार करने की अपील की जा रही है। इतना ही नहीं, आवेदन कर रहे छात्रों से भी अपील की जा रही है कि वे फॉर्म भरने से पहले सभी नियमों को ध्यानपूर्वक पढ़ें(दैनिक भास्कर,दिल्ली,18.4.11)।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।