डीयू प्रशासन बुधवार को दाखिला प्रक्रिया की अधिसूचना जारी कर सकता है। विवि प्रशासन ने कॉलेजों से दाखिला प्रक्रिया में पारदर्शिता अपनाने की दिशा में सुझाव मांगे हैं। डीयू में सेंट्रलाइज्ड दाखिला फार्म खत्म होने से इन्फोर्मेशन बुलेटिन की कॉपियां भी कम संख्या में छपवाई जाएंगी। पिछले वर्ष सवा दो लाख बुलेटिन कॉपी छपी थी, वहीं इस वर्ष यह संख्या आधी रहेगी। छात्रों के लिए दाखिला काउंसलिंग के लिए कॉल सेंटर हेल्पलाइन सेवा शुरू की जाएगी। डीयू के डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. जेएम खुराना ने बताया कि विवि प्रशासन अगले सप्ताह मंगलवार या बुधवार को दाखिले की अधिसूचना जारी करेगा। डीयू प्रशासन ने दाखिला प्रक्रिया की रूपरेखा तैयार कर ली है। सभी औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं, जिन्हें सोमवार तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार सामान्य श्रेणी के छात्रों के लिए सेंट्रलाइज्ड दाखिला फार्म खत्म कर दिया गया है। लेकिन एससी/एसटी छात्रों का दाखिला सेंट्रलाइज्ड प्रक्रिया के द्वारा ही होगा। स्पोर्ट्स कोटे के तहत दाखिले के लिए सेंट्रलाइज्ड टेस्ट होगा या कॉलेज स्तर पर टेस्ट लिए जाएंगे, यह अभी तय होना है। विवि पहले की तरह ही स्पोर्ट्स कोटे में दाखिला प्रक्रिया लागू करना चाहता है, लेकिन इस पर कॉलेजों का पक्ष आना बाकी है। इस बार भी 16 काउंसलिंग सेंटर बनाए जाएंगे। साथ ही डीयू की वेबसाइट पर ओपन डेज काउंसलिंग की मल्टीमीडिया फॉर्मेट में वीडियो क्लीपिंग अपलोड की जाएगी। इससे छात्र घर बैठे अपडेट काउंसलिंग की वीडियो देखकर दाखिला प्रक्रिया संबंधी जानकारियों से रूबरू हो सकेंगे। ओपन डेज काउंसलिंग की संख्या में भी इजाफा किया जाएगा। डीयू प्रशासन इसकी संख्या के बारे में छात्रों के रिस्पांस को देखने के बाद ही तय करेगा(दैनिक जागरण,दिल्ली,17.4.11)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।