दाखिला माफिया पर अंकुश लगाने के लिए डीयू प्रशासन इस बार समूची प्रक्रिया पर पैनी नजर रखे हुए हैं। इस बात का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि लॉ फैकल्टी में दाखिले की गांरटी देने वाला एक नोटिस जैसे ही बोर्ड पर चिपका, मामला दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
डीयू प्रशासन ने सीधे तौर पर छात्रों व अभिभावकों से कहा है कि यदि कोई भी व्यक्ति उन्हें दाखिले के नाम पर ठगने की कोशिश करता है तो उसकी सूचना तुरंत प्रॉक्टर को दें।
डिप्टी प्रॉक्टर डॉ. मनोज अरोड़ा ने बताया कि छात्रों को लगातार बताया जा रहा है कि कटऑफ में नम्बर आने पर उनका दाखिला टल नहीं सकता है और नम्बर न आने पर किसी भी सूरत में दाखिला हो नहीं सकता है। इसलिए किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि विवि फर्जी दाखिलों को रोकने और भोले-भाले छात्रों को ठगने वालों को पुलिस के हवाले करने के लिए मुस्तैद है।
बस जरूरत है सहयोग की। छात्रों व अभिभावकों से अपील है कि यदि कोई व्यक्ति उनसे पैसे लेकर दाखिला कराने के लिए सम्पर्क करता है तो उसकी सूचना वह ई-मेल के जरिए दे सकते हैं। डिप्टी प्रॉक्टर ने बताया कि 1 जून को दाखिले की गारंटी देने वाली प्रचार सामग्री लॉ फैकल्टी के नोटिस बोर्ड से बरामद की गई है। एसीपी महेन्द्र सिंह मलिक को सूचित करने के साथ ही मामले की जांच शुरू हो गई है।
बता दें कि फर्जीवाड़े को लेकर डीयू प्रशासन पहले से ही कड़ा रुख अपना रहा है। प्रशासन इंफॉर्मेशन बुलेटिन में ही स्पष्ट कर चुका है कि अगर किसी छात्र के प्रमाण पत्र या अन्य दस्तावेज फर्जी पाए गए तो छात्र के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने के साथ उसे अगले पांच साल के लिए किसी भी कोर्स या कॉलेज में दाखिला लेने से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।
एनसीडब्ल्यूईबी में पहले दिन बम्पर भीड़
नियमित पढ़ाई के स्थान पर शनिवार-रविवार को कक्षाएं आयोजित कर दिल्ली की छात्राओं को बीए प्रोग्राम व बीकॉम में ग्रेजुएशन कराने वाले डीयू के नॉन कॉलिजिएट वूमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीडब्लूईबी) में सोमवार से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन छात्राओं का जोर आवेदन फॉर्म की खरीद पर रहा।
पहले ही दिन पांच हजार सीटों के लिए 2400 फॉर्म बिक गए। एनसीडब्लूईबी की निदेशक डा.आरती सक्सेना ने बताया कि सोमवार सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक आवेदन फॉर्म खरीदने के लिए सैकड़ों छात्राएं कतारों में लगी रहीं। यह हाल तो तब है, जबकि एनसीडब्लूईबी में सिर्फ दिल्ली की छात्राएं ही दाखिला ले सकती हैं। सोमवार को पांच हजार सीटों के लिए 2400 से अधिक फॉर्म बेचे जा चुके हैं।
छात्राओं को बोर्ड कार्यालय पर 21 जून तक सभी कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। बोर्ड के शनिवारीय और रविवारीय केंद्रों पर भी आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। शनिवारीय केंद्रों पर 11 और 18 जून को फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि रविवारीय केंद्रों पर 12 और19 जून को आवेदन फॉर्म उपलब्ध रहेंगे। 24 जून को पहली कट ऑफ लिस्ट जारी की जाएगी। दूसरी लिस्ट आठ जुलाई और तीसरी लिस्ट २२ जुलाई को जारी होगी(शैलेन्द्र सिंह,दैनिक भास्कर,दिल्ली,7.6.11)।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।