मुख्य समाचारः

सम्पर्कःeduployment@gmail.com

30 मई 2012

छत्तीसगढ़ःशिक्षा विभाग में 10 और फर्जी नियुक्तियां

मंत्रालय के नाम पर शिक्षा विभाग में 14 फर्जी नियुक्तियों के बाद अब दस और लोगों को जाली तरीके से नौकरी देने का मामला सामने आया है। फर्जी आदेशों से मंत्रालय के अधिकारी सकते हैं। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारियों से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के आदेश दिए हैं। 

इस बार नियुक्ति आदेश शिक्षा विभाग के अवर सचिव एपी शर्मा के नाम से जारी किए गए हैं। हालांकि इस नाम का कोई भी अधिकारी मंत्रालय में पदस्थ नहीं है। इस बार भी नियुक्ति आदेश जारी करने वालों ने ऐसे फार्मेट का उपयोग किया जो मंत्रालय के काम में उपयोग में नहीं लाया जाता। इस आदेश में और पूर्व में 14 नियुक्तियों के लिए जारी आदेश में समानता है। 

इसलिए अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों मामलों में किसी एक रैकेट का हाथ है। आदेश में कहा गया है कि 15 दिसंबर को सीधी भर्ती के लिए चयनित 80 उम्मीदवारों में से 10 की नियुक्ति आदेश जारी किए जा रहे हैं। आदेश की प्रतिलिपियां बाकायदा जिला शिक्षा अधिकारियों, रोजगार कार्यालय व सिटी ट्रेजरी को भेजने का जिक्र है। 

खास बात यह कि दोनों आदेश में सहदेव मरकाम कोंडागांव व यशवंत कुमार का नाम है लेकिन उनकी नियुक्तियां अलग स्थानों पर की गई हैं। उल्लेखनीय है कि दैनिक भास्कर ने 25 मई को 14 लोगों की फर्जी नियुक्तियों का भंडाफोड़ किया था। 

किसे-कहां पदस्थ किया  

राजिम के कुलेश्वर निराला को रायपुर, डुमरडीह के पंकज कुमार को दुर्ग, दुर्ग के टोमन लाल को रायपुर, जगदलपुर की बबीता शर्मा को रायपुर, बस्तर के आकाश दुबे को रायपुर, केंद्री के विजय कुमार को रायपुर, मोहनदी के अमित साहू को रायपुर, देवरी के यशवंत धृतलहरे को रायपुर, सहदेव मरकाम सोनाबाड़ा को कोंडागांव और कवर्धा के सुनील प्रधान को रायपुर। 

दोनों नियुक्ति आदेश फर्जी हैं। 15 दिन में जांच रिपोर्ट मांगी है। संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों को कार्रवाई को कहा गया है। एमएन राजूरकर, अवर सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग(जॉन राजेश पॉल,दैनिक भास्कर,रायपुर,30.5.12)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के बगैर भी इस ब्लॉग पर सृजन जारी रहेगा। फिर भी,सुझाव और आलोचनाएं आमंत्रित हैं।